जनसुनवाई में ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर ने जनमन सड़क निर्माण कार्य रुकवाया, 6 अगस्त को होगी मौके पर जांच
कुसमी (सीधी)।
जनपद पंचायत कुसमी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत कोटा के ग्रामीणों ने जनमन सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जहां सड़क निर्माण किया जा रहा है, वहां पहले से ही ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित पीसीसी सड़क मौजूद है, इसके बावजूद उसी के ऊपर पुनः पीसीसी सड़क बनाई जा रही थी।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित कार्य ग्राम पंचायत से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लिए बिना प्रारंभ कर दिया गया, जिससे शासन के नियमों का उल्लंघन हुआ है।
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे ग्राम पंचायत कोटा में मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच पूरी होने तक संबंधित निर्माण कार्य बंद रहेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहले से बनी पीसीसी सड़क के ऊपर दोबारा निर्माण किया जाता है तो यह सरकारी धन की बर्बादी होगी। अब सभी की निगाहें 6 अगस्त को होने वाली स्थल जांच पर टिकी हैं, जिससे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

