13 फीट लंबे अजगर ने बकरी को बनाया शिकार, गांव में मचा हड़कंप, वन विभाग और पुलिस की टीम ने किया रेस्क्यू
एमपी सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझिगवां के उत्तर टोला कोलान बस्ती में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशाल अजगर ने नदी किनारे चर रही बकरी का शिकार कर लिया। घटना आज दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम मझिगवां निवासी तारा साहू पिता राम सुमिरन साहू प्रतिदिन की तरह अपनी बकरियों को चराने नदी किनारे ले गया था। इसी दौरान वह आम के पेड़ के नीचे बैठा हुआ था, तभी अचानक बकरियों के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।
वही जब तारा साहू मौके की ओर दौड़ा तो उसने देखा कि एक विशाल अजगर उसकी एक बकरी को लपेटकर पकड़ चुका था। अजगर का आकार इतना बड़ा था कि उसे देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। तारा साहू ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय सरपंच सुजय सिंह को दी। सूचना मिलते ही सरपंच द्वारा वन विभाग और पुलिस को जानकारी दी गई।
इस घटना की जानकारी मिलते ही मड़वास वन विभाग की टीम तथा सीधी से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। वहीं मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह भी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि अजगर द्वारा एक बकरी का शिकार किया गया है और वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की कार्रवाई कर रही है, ताकि वह दोबारा गांव की ओर न आए।
वही सरपंच सुजय सिंह ने बताया कि अजगर करीब 13 फीट लंबा था और जंगल की ओर से गांव में घुस आया था। जिस इलाके में यह घटना हुई वहां करीब 40 घर हैं और लगभग 200 लोग निवास करते हैं। ऐसे में ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था। ग्रामीणों ने समय रहते वन विभाग और पुलिस को सूचना देकर बड़ी घटना टाल दी। फिलहाल वन विभाग की टीम अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ने की तैयारी में जुटी हुई है।

