Mpnews:देवतालाब की रजिगवां पंचायत में फर्जी मतदाता और सामुदायिक भवन पर कब्जे का आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग
Mpnews:देवतालाब विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रजिगवां ग्राम पंचायत में फर्जी मतदाता जोड़ने और पंचायत-सामुदायिक भवन पर वर्षों से अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र शुक्ला और तमरी मंडल अध्यक्ष नागेंद्र पटेल ने मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि रजिगवां ग्राम पंचायत के पोलिंग क्रमांक 245 में पंचायत-सामुदायिक भवन में अवैध रूप से रह रहे शब्बीर खान और उनके परिजनों के नाम कथित तौर पर फर्जी तरीके से मतदाता सूची में दर्ज कराए गए हैं। आरोप है कि इस पूरे मामले में संबंधित बीएलओ मनोज कुमार मिश्रा की मिलीभगत रही, जिनके सहयोग से गलत घर नंबर और पते के आधार पर नाम जोड़े गए।
Mpnews: भाजपा नेताओं का कहना है कि शब्बीर खान का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महगना क्षेत्र का निवासी है और रजिगवां ग्राम पंचायत का स्थायी निवासी नहीं है। इसके बावजूद वे वर्षों से पंचायत-सामुदायिक भवन पर अतिक्रमण कर रह रहे हैं। इस अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने पहले भी की थी शिकायत
मकान मालिक रामबहोर साहू सहित कई ग्रामीणों ने पहले भी बीएलओ से इस संबंध में शिकायतें की थीं, लेकिन किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सरपंच द्वारा भी कई बार अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए, परंतु स्थिति जस की तस बनी रही।
चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप
देवेंद्र शुक्ला ने कहा कि यह मामला सिर्फ अतिक्रमण तक सीमित नहीं है, बल्कि फर्जी मतदाता जोड़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का गंभीर प्रयास है। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं, वे केवल व्यापारिक कार्यों से गांव में आते-जाते हैं और यहां स्थायी रूप से निवास नहीं करते। वर्ष 2003 की जनगणना में भी इनका कोई रिकॉर्ड नहीं पाया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो 11 दिसंबर को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के प्रस्तावित दौरे के दौरान भाजपा इस मुद्दे को लेकर अगला कदम उठाएगी।
इस पूरे मामले पर कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

