New year पर मऊगंज में भक्ति, प्रकृति और पर्यटन का भव्य उत्सव
देवालयों में गूंजे जयकारे, बहुती जलप्रपात पर उमड़ा सैलाब
New year के पहले ही दिन मऊगंज जिला आस्था, पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के अद्भुत संगम का साक्षी बना। साल 2026 की शुरुआत जिले में धार्मिक श्रद्धा और सैर-सपाटे के उल्लास के साथ हुई, जहां ऐतिहासिक देवतालाब शिव मंदिर, नईगढ़ी स्थित अष्टभुजा धाम और मध्य प्रदेश के सबसे ऊंचे बहुती जलप्रपात पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
देवतालाब के प्राचीन और ऐतिहासिक शिव मंदिर में New year के अवसर पर विशेष रौनक रही। तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कतारों में नजर आए। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और देश में शांति की कामना की। धार्मिक वातावरण और आस्था की लहर ने पूरे देवतालाब क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
वहीं, नईगढ़ी स्थित प्रसिद्ध अष्टभुजा धाम माता मंदिर में भी भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। माता रानी के दर्शन के लिए दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और जयकारों से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो गया।
धार्मिक स्थलों के साथ-साथ नववर्ष पर बहुती जलप्रपात पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण रहा। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस भव्य जलप्रपात को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पहाड़ियों से गिरता पानी और आसपास का मनोहारी दृश्य पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करता नजर आया। कई परिवारों और युवाओं ने यहां नववर्ष का जश्न प्रकृति के बीच मनाया।
प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क
भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने स्वयं प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देवतालाब में थाना प्रभारी गोविंद तिवारी सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं अष्टभुजा धाम और बहुती जलप्रपात पर थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
