बैढ़न कोतवाली में चोर बेखौफ, CISF की कार्रवाई से खुली राखड़ पाइप चोरी की परतें, पुलिस की भूमिका कटघरे में
सिंगरौली जिले के बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालात यह हैं कि चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे खुलेआम सरकारी और औद्योगिक संपत्तियों पर हाथ साफ कर रहे हैं, जबकि स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासियों में बढ़ती चोरियों को लेकर दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है।
स्थानीय लोगों और सूत्रों का आरोप है कि कोतवाली पुलिस चोरों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में नाकाम साबित हो रही है। कबाड़ कारोबार से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क पर कार्रवाई न के बराबर होने के कारण चोरी का माल आसानी से खपाया जा रहा है। चौक-चौराहों पर यह चर्चा आम है कि चोरी के इस नेटवर्क को थाना-चौकी स्तर पर संरक्षण मिल रहा है, जिसके चलते चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इसी बीच NTPC विंध्याचल की CISF टीम की सतर्कता से राखड़ पाइप चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। बैढ़न कोतवाली क्षेत्र के बलियारी राखड़ डैम इलाके में बीते कुछ दिनों से लगातार पाइपलाइन काटे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए CISF द्वारा इलाके में कड़ी निगरानी की जा रही थी।
गुरुवार तड़के CISF टीम ने एक पिकअप वाहन में लदी चोरी की राखड़ पाइप के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक MP66 G2314 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक और उसका साथी वाहन तेज रफ्तार में लेकर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने CISF वाहन को टक्कर मारते हुए शक्तिनगर की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन CISF ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। जांच में सामने आया कि पाइप बलियारी राखड़ डैम के पी-5 क्षेत्र से काटी गई थी। CISF ने दोनों आरोपियों और वाहन को बैढ़न कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क में रिजवान नामक व्यक्ति की अहम भूमिका बताई जा रही है, जो फिलहाल फरार है। आरोप है कि वही बलियारी क्षेत्र में पाइपलाइन कटवाने और चोरी का माल नौगढ़ की कबाड़ दुकानों तक पहुंचाने का काम कर रहा था।
लगातार सामने आ रही चोरियों और CISF द्वारा पकड़े जा रहे मामलों के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह है कि कोतवाली पुलिस इस मामले में कितनी सख्ती दिखाती है और पूरे चोरी नेटवर्क को बेनकाब कर पाती है या नहीं।

