पटपरा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा समापन पर जुटे हजारों श्रद्धालु
भगवान में जुड़ गया, वह कभी टूटता नहीं:- आचार्य अतुल पाठक
कांग्रेस प्रवक्ता पंकज सिंह द्वारा अपने पूज्य पिता स्वर्गीय संतोष सिंह की पुण्य स्मृति में आयोजित वार्षिक श्राद्ध (वर्षी) के पावन अवसर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा समापन पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष विधायक चुरहट अजय सिंह राहुल प्रदेश सचिव राजभान सिंह पूर्व अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह बाबा जिला उपाध्यक्ष दान बहादुर सिंह महामंत्री ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री रामभिलाष पटेल ओमकार करचूली सहित प्रमुख क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर पूज्य आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य आचार्य अतुल पाठक (नीलकंठ धाम, मौहार) के मुखारविंद से भागवत कथा का रसास्वादन किया। सभी पधारे अतिथियों ने माल्यार्पण कर आचार्य का अभिनंदन किया।
साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा के समापन अवसर पर आचार्य अतुल पाठक महाराज ने अपने मुखारविंद से अमृतमयी वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को बताया कि जो भगवान में जुड़ गया, वह कभी टूटता नहीं उक्त की व्याख्या करते हुए गुरु जी ने बताया कि श्रीकृष्ण लीला का अवसान होता है और भगवान गोलोक गमन की तैयारी करते हैं, तब पृथ्वी पर शोक फैल जाता है।
उद्धव जी अत्यंत व्याकुल होकर श्रीकृष्ण से कहते हैं प्रभु आपके बिना यह संसार शून्य हो जाएगा, मैं कैसे जीवित रहूँ? तब भगवान श्रीकृष्ण उद्धव को भागवत का गूढ़ रहस्य बताते हैं कि उद्धव जिसने मुझे हृदय में धारण कर लिया,उसका कुछ भी नष्ट नहीं होता।देह टूट सकती है,संसार छूट सकता है,पर वह आत्मा कभी नहीं टूटती जो भगवान में जुड़ गई हो।
यहीं से यह भाव-वाक्य जन्म लेता
जो भगवान में जुड़ गया, वह कभी टूटता नहीं।
कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा एवं अध्यात्म का भाव बना रहा। कथा आयोजन से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ है।

