Sidhi news:75 वर्ष की उम्र में भी पत्रकारिता का जुनून, सेमरिया क्षेत्र में आज भी सक्रिय हैं दया सिंह
साइकिल से अखबार वितरण कर रहे वरिष्ठ पत्रकार दया सिंह, युवाओं के लिए मिसाल
पत्रकारिता केवल लेखन या समाचार संकलन तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह एक साधना और सामाजिक दायित्व है।
Sidhi news:सीधी जिले के सेमरिया क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार दया सिंह ने 75 वर्ष की आयु में भी अपने कर्म और समर्पण से इस बात को सिद्ध कर दिया है। उम्र के इस पड़ाव पर भी वे पत्रकारिता के साथ-साथ अखबार वितरण जैसे श्रमसाध्य कार्य में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।
दया सिंह अपने समय के ऐसे अनुभवी पत्रकार रहे हैं, जिन्होंने जिले के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ जैसे अहम पदों पर कार्य किया। उम्र बढ़ने के साथ वे अपने निजी निवास हस्तिनापुर, सेमरिया क्षेत्र में आकर रहने लगे, लेकिन पत्रकारिता के प्रति उनका जुनून कभी कम नहीं हुआ।
वरिष्ठ पत्रकारों के आग्रह पर उन्होंने सेमरिया क्षेत्र में न्यूज़ एजेंसी की शुरुआत की, जिसके बाद वे “सेमरिया क्षेत्रीय पत्रकार” के नाम से पहचाने जाने लगे। समाचार संकलन, विज्ञापन कार्य के साथ-साथ उन्होंने घर-घर अखबार पहुँचाने का दायित्व भी स्वयं संभाला।
आज भी दया सिंह प्रतिदिन अपनी साइकिल से बढ़ौरा स्टैंड पहुँचकर अखबार लेते हैं और पूरे सेमरिया क्षेत्र में वितरण करने के बाद ही घर लौटते हैं। 75 वर्ष की उम्र में यह दिनचर्या युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
क्या कहते हैं युवा पत्रकार
Sidhi news:इस संबंध में युवा पत्रकार उपेन्द्र मिश्रा सेमरिया ने कहा कि “दया सिंह जैसे वरिष्ठ पत्रकार हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सिखाया है कि पत्रकारिता केवल पद या पहचान नहीं, बल्कि सेवा और निरंतर संघर्ष का नाम है। उनका जीवन हम युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”
निस्संदेह, दया सिंह का यह समर्पण पत्रकारिता जगत के लिए एक बेहतरीन आदर्श उदाहरण है।
