भोपाल में तीन दिन डिजिटल अरेस्ट रहा मजदूर
साइबर ठगों ने टेरर फंडिंग का आरोप लगाकर डेढ़ लाख रुपए ठगे
ठगों ने उससे डेढ़ लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कराए
शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित खातों को होल्ड कराया
पीड़ित को ठगों के चंगुल से मुक्त कराया
पुलिस के मुताबिक 45 वर्षीय राजकुमार छोला इलाके में रहता है और मजदूरी करता है। तीन दिन पहले उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एनआईए का अधिकारी बताया और कहा कि उसके खाते से एक आतंकी को फंडिंग की गई है। इससे पीड़ित घबरा गया। इसके बाद आरोपियों ने तस्दीक के नाम पर उसे वीडियो कॉल पर आने को कहा। वीडियो कॉल पर आते ही बदमाशों ने पुलिस लिखी स्कॉर्पियो दिखाई।
नंबर बंद करने या फरार होने की कोशिश करने पर एन्काउंटर की धमकी दी गई। इससे घबराए फरियादी ने उनके सवालों के जवाब देना शुरू किए और स्वयं को निर्दोष बताया। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि वह भला आदमी लगता है और उसे मामले से बाहर निकाल देंगे, लेकिन डिजिटल निगरानी में रहना होगा। पीड़ित ने इसके लिए हामी भर दी। इसके बाद आरोपी शुक्रवार से रविवार सुबह तक उसे निगरानी में रखे रहे।
