Sidhi news:चुरहट के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नकल माफिया सक्रिय, मोबाइल के ज़रिए हो रही सामूहिक नकल
Sidhi news:सीधी जिले के चुरहट में बोर्ड परीक्षाओं के बीच चुरहट क्षेत्र में नकल माफिया एक बार फिर सक्रिय हो गया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार परीक्षा शुरू होते ही प्रश्नपत्रों की मोबाइल के माध्यम से फोटो खींचकर बाहर भेजी जा रही है। इसके बाद बाहर बैठा संगठित गिरोह उनके उत्तर तैयार कर मास्टरों और अन्य माध्यमों के जरिए परीक्षार्थियों तक पहुँचा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा है। प्रश्नपत्र बाहर पहुँचते ही हल तैयार करने वाली टीम तुरंत ही मोबाइल पर उत्तर भेज देती है, और फिर परीक्षा कक्षों में मौजूद कुछ व्यक्तियों की मदद से ये उत्तर परीक्षार्थियों तक पहुंचाए जाते हैं।
इस तरह की धांधली से परीक्षा की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। मेहनत से तैयारी करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है, जबकि नकल के सहारे पास होने वाले छात्रों का हौसला बढ़ रहा है।
उधर, प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से नकल माफिया के हौसले और भी बढ़े हुए दिखाई दे रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था को दूषित होने से बचाया जा सके और भविष्य में किसी भी विद्यार्थी का भविष्य इस तरह की गतिविधियों से प्रभावित न हो।
