मालिक पर बाघिन ने किया हमला, चीख सुनते ही भैंसों ने घेर लिया शिकारी को! जंगल में दिखा हैरान कर देने वाला नजारा
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से इंसान और वन्यजीव के बीच अनोखे रिश्ते की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है।
जंगल में मवेशी चराने गए एक चरवाहे पर शावक के साथ मौजूद बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। हमले में चरवाहा घायल हो गया और मदद के लिए जोर-जोर से चीखने लगा।
चरवाहे की आवाज सुनते ही उसकी भैंसों का झुंड तेजी से मौके पर पहुंच गया। भैंसों ने बाघिन को घेरकर उसका सामना करना शुरू कर दिया। झुंड के आक्रामक तेवर देखकर बाघिन पीछे हट गई और चरवाहे की जान बच गई।
घटना के बाद घायल चरवाहे को इलाज के लिए मानपुर अस्पताल ले जाया गया। वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
मालिक की एक चीख और मदद के लिए दौड़ पड़ा पूरा झुंड—बांधवगढ़ की यह घटना भैंसों की वफादारी और साहस की अनोखी मिसाल बन गई।