नाले का पानी घर में घुसा, खाद्य सामग्री समेत घरेलू सामान खराब
टमसार में जलभराव से ग्रामीण परेशान, वीडियो के जरिए प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत टमसार में बारिश के बाद नाले का पानी घरों में घुसने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नारायण जायसवाल के घर में नाले का पानी घुसने से घर में रखी खाद्य सामग्री सहित घरेलू उपयोग की कई वस्तुएं खराब होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि लगातार बारिश के चलते नाले का पानी बढ़ गया, जिससे पानी घर के अंदर तक पहुंच गया। इससे परिवार को काफी नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ित परिवार ने घटना का वीडियो बनाकर विभिन्न ग्रुपों में शेयर किया और प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान नाले का पानी घरों में घुसने की समस्या सामने आती है। यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराने और प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।