2 आरोपी गिरफ्तार, 1 विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में
तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंची कोतवाली पुलिस
लूटा गया मोबाइल, नगद ₹4,600 एवं घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद
14 अगस्त की रात गांधी चौराहा के पास हुई थी लूट
आरोपी: शिवम भुजवा एवं विकास गुप्ता, निवासी दक्षिण करौंदिया
सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने लूट की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
आरोपियों के कब्जे से लूटा गया संपूर्ण मशरूका एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना का विवरण
दिनांक 14 अगस्त 2026 की रात्रि करीब 11:50 बजे फरियादी, निवासी ग्राम हिनौता, थाना कोतवाली, सीधी स्थित गांधी चौराहे के पास अपनी चाय की दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहा था।
जैसे ही वह सिंगरौली रोड, फतेह सिंह मार्ग स्थित आदर्श कॉलोनी के सामने पहुंचा, पीछे से अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद फरियादी सड़क पर गिर गया। तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जेब में रखे सामान की मांग की। फरियादी द्वारा विरोध करने पर एक आरोपी ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि दूसरे आरोपी ने उसके सिर पर ईंट/पत्थर जैसी वस्तु से वार कर घायल कर दिया। इसी दौरान तीसरे आरोपी ने उसकी जेब से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन, जिसमें जियो कंपनी की सिम लगी थी, कीमत लगभग ₹15,000 तथा ₹4,600 नगद बलपूर्वक निकाल लिए। घटना के बाद आरोपी फरियादी को घायल अवस्था में छोड़कर अपाचे मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना में घायल फरियादी उपचार हेतु जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचा तथा उपचार के उपरांत दिनांक 16 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
लगातार पतासाजी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची और उन्हें पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान घटना में संलिप्तता सामने आने पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. शिवम भुजवा, पिता संतलाल भुजवा, उम्र 21 वर्ष
2. विकास गुप्ता, पिता नकछेदी लाल गुप्ता, उम्र 27 वर्ष
दोनों निवासी नाग मंदिर, दक्षिण करौंदिया, थाना जमोड़ी, जिला सीधी (म.प्र.)
3. एक विधि-विरुद्ध बालक
जप्त मशरूका
– फरियादी से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन एवं नगद राशि ₹4,600 सहित संपूर्ण लूटा गया मशरूका
– घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, सफेद रंग, क्रमांक MP 53 MF 1216
पुलिस टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक विनोद त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक बलेंद्र एवं प्रधान आरक्षक आनंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।