---Advertisement---

मध्य प्रदेश में 6 सालों में 323.99 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी, वापस मिले सिर्फ 29.26 लाख

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

By राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

Published on:

---Advertisement---

मध्य प्रदेश में 6 सालों में 323.99 करोड़ की साइबर धोखाधड़ी, वापस मिले सिर्फ 29.26 लाख

भोपाल: मध्य प्रदेश में साइबर अपराधी लोगों के बैंक खातों में सेंधमारी कर रहे हैं. मोबाइल हैक, ओटीपी फ्राॅड, डिजिटल अरेस्ट और डीपफेक के जरिए कभी डर दिखाकर तो कभी जालसाजी करके लोगों की कमाई पर साइबर ठग हाथ साफ कर रहे हैं. साइबर अपराधी कितनी बड़ी संख्या में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, इसका खुलासा मध्य प्रदेश विधानसभा में एक सवाल के जवाब से सामने आया है.साइबर अपराधी ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश में पिछले 6 साल में 323.99 करोड़ की धोखाधड़ी कर चुके हैं. इस दौरान 265 महिलाएं भी साइबर अपराध की शिकार हुई हैं लेकिन पिछले 6 सालों में सिर्फ 6 मामलों में ही आरोपियों को सजा हुई है.

6 साल में 323.99 करोड़ की धोखाधड़ी

कांग्रेस विधायक प्रताप ग्रेवाल द्वारा विधानसभा में प्रदेश में साइबर जालसाजी की घटनाओं को लेकर 2020 से अब तक का लेखा-जोखा मांगा था. जवाब में मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने बताया कि 2020 से लेकर 2025 तक यानि 6 साल में 323.99 करोड़ की धोखाधड़ी हुई है और 2026 को भी शामिल किया जाए तो अभी तक प्रदेश में साइबर आपराधों से जुड़े 4454 अपराध हुए हैं. इनमें ऑनलाइन बैंकिंग के मामलों में अपराधियों ने 329.98 करोड़ की लोगों के साथ धोखाधड़ी की है. इन वारदातों को अंजाम देने के मामलों में पुलिस ने प्रदेश के 3250 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे राज्यों के 1153 आरोपियों और 11 विदेशियों को भी गिरफ्तार किया गया है.

बीते सालों में ऑनलाइन ठगी की वारदातें

साल 2020 में ऑनलाइन बैंकिंग ठगी की 344 वारदातें हुईं. इसमें 15.94 करोड़ की राशि लोगों ने गवां दी. इसमें मध्य प्रदेश के 104 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई जबकि दूसरे राज्यों के आरोपियों की संख्या 63 थी.

साल 2021 में ऑनलाइन बैंकिंग ठगी की 346 वारदातें हुईं. इसमें 35 करोड़ रुपए की ठगी लोगों के साथ हुई. इसमें मध्य प्रदेश के 116 और दूसरे राज्यों के 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

साल 2022 में ऑनलाइन बैंकिंग ठगी की 337 वारदातें हुईं. इसमें 17.97 करोड़ की ठगी हुई. इसमें मध्य प्रदेश के 70 और दूसरे राज्यों के 184 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई.

साल 2023 में ऑनलाइन बैंकिंग ठगी की 335 वारदातें हुईं. इसमें 54.51 करोड़ की ठगी हुई. इसमें मध्य प्रदेश के 140 और दूसरे राज्यों के 191 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई.

साल 2024 में ऑनलाइन बैंकिंग ठगी की 505 वारदातें हुईं. इसमें 108.81 करोड़ की ठगी हुई. इसमें मध्य प्रदेश के 213 और दूसरे राज्यों के 154 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई.

साल 2025 में ऑनलाइन बैंकिंग ठगी की 404 वारदातें हुईं. इसमें 91.76 करोड़ की ठगी हुई. इसमें मध्य प्रदेश के 2016 और दूसरे राज्यों के 147 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई.

साल 2026 में ऑनलाइन बैंकिंग ठगी की अभी तक 34 घटनाएं हो चुकी हैं, इसमें 5.91 करोड़ की ठगी हो चुकी है. इसमें मध्य प्रदेश के 14 आरोपी और दूसरे राज्यों के 2 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं.

ठगी की रकम की रिकवरी में छूट रहे पसीने

साइबर अपराधों के मामलों में पुलिस कई आरोपियों को पकड़ रही है लेकिन ठगी गई रकम की रिकवरी में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं. जवाब में सरकार ने बताया कि 2020 से अभी तक साइबर अपराधियों द्वारा ठगी गई 329.98 करोड़ की राशि में से सिर्फ 64.78 करोड़ की राशि जब्त की जा सकी है. इसमें से भी पीड़ितों को सिर्फ 29.26 लाख रुपए की राशि ही वापस की जा सकी है. यानी जितनी बड़ी राशि जालसालों ने ठगी की, उसका एक फीसदी भी पीड़ितों को वापस नहीं मिल पाया.

248 गिरफ्तार, सजा सिर्फ 6 मामलों में

कांग्रेस विधायक द्वारा साइबर अपराधी की शिकार हुई महिलाओं के संबंध में भी सवाल पूछा गया. जवाब में बताया गया कि 2020 से अभी तक प्रदेश में महिलाओं के साथ हुए साइबर अपराधों से जुड़ी 265 शिकायतें साइबर सेल को मिली. ऐसे मामलों में पुलिस ने कार्रवाई कर 248 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई, लेकिन इनमें से सिर्फ 6 मामलों में ही सजा हो सकी.

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता ।। State Head @NewsE7Live

राजू गुप्ता मध्य प्रदेश के सीधी जिले के एक सक्रिय और ज़मीनी पत्रकार हैं। वे लंबे समय से स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते आ रहे हैं।

---Advertisement---
Share & Earn