बोर्ड परीक्षा के बीच सिहावल में शोर और अव्यवस्था का संग्राम, छात्रों की बढ़ी परेशानी
राजबहोर केवट सिंहावल
सीधी सिंहावल। जिले के अमिलिया थाना अंतर्गत सिहावल चौकी क्षेत्र में इन दिनों हालात कुछ ऐसे हैं मानो नियम-कानून ने छुट्टी ले ली हो।
मुख्य बाजार से लेकर सिहावल मुख्यालय तक सड़कें लावारिस पार्किंग और डीजे के शोर से कराह रही हैं और इसी बीच बोर्ड परीक्षा दे रहे छात्र सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं।
एक ओर परीक्षा केंद्रों में सन्नाटा जरूरी है, तो दूसरी ओर सड़कों पर डीजे साउंड बॉक्स और बैंड-बाजों की तेज धुनें गूंज रही हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली, थ्रेसर, फोर व्हीलर और अन्य वाहन सड़क किनारे नहीं, बल्कि सड़क पर ही कब्जा जमाए खड़े मिल जाते हैं। नतीजा — जाम, अफरा-तफरी और हर पल दुर्घटना का खतरा।
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से एसडीएम, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों का रोजाना आना-जाना होता है।
फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोग बताते हैं कि पहले भी यहां अव्यवस्थित पार्किंग के कारण गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सबक लेने की बजाय हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती के निर्देश होते हैं, मगर सिहावल में मानो नियमों को ताक पर रख दिया गया हो।
छात्र परीक्षा देने से पहले ही जाम और शोर से जूझ रहे हैं अभिभावकों में भी आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है? या फिर खबर के बाद कोई ठोस कदम उठाया जाएगा?
फिलहाल सिहावल की सड़कों पर शोर और अव्यवस्था का राज है।
इस मुद्दे पर आप क्या सोचते हैं? अपनी राय कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
आप सबका साथ हीं हमारी ताकत है आप सबके सहयोग से ही हम आप सब की आवाज को बुलंद करते हुए प्रशासनिक अम्लों तक पहुंचा सकते हैं इसलिए जो सही गलत हो कमेंट बॉक्स में अपनी राय जरुर दें।

