चाय की दुकान से मेडिकल कॉलेज तक, सिहावल के बेटे ने रचा इतिहास, अब जबलपुर में करेगा एमडी!
सिहावल जैसे ग्रामीण अंचल से निकलकर कठिन परिस्थितियों में अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई इबारत लिखने वाले डॉ. सूरज कुमार जायसवाल ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बिठौली पीएससी में सेवाएं दे रहे डॉ. सूरज का चयन NEET PG में हुआ है और अब वे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर (Netaji Subhash Chandra Bose Medical College,)जबलपुर से एमडी (एनेस्थीसिया) की पढ़ाई करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सिहावल क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
सिहावल ब्लॉक चौराहे पर एक छोटी सी चाय-समोसे की दुकान चलाने वाले उनके पिता मोतीलाल जायसवाल ने आर्थिक अभावों के बीच भी अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। शिक्षा कर्मी की नौकरी न मिल पाने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि बेटे को अच्छी शिक्षा दिलाकर समाज में स्थापित करेंगे। बेटे ने भी पिता के संघर्ष और सपनों को अपनी मेहनत से सार्थक कर दिखाया।
डॉ. सूरज की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। बिठौली पीएससी से अब जबलपुर मेडिकल कॉलेज तक का उनका सफर यह साबित करता है कि मजबूत इरादों और माता-पिता के आशीर्वाद से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सिहावल क्षेत्र को गौरवान्वित करने वाले डॉ. सूरज को प्राइड इंडिया न्यूज़ की तरफ से उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।

