हेलीकॉप्टर वाली शाही बारात, सिरमौर में आसमान से उतरा दूल्हा, ऐतिहासिक बनी शादी
एमपी के रीवा जिले के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में एक शादी ने ऐसा रंग जमाया कि पूरा इलाका कौतूहल और उत्साह से भर उठा। ग्राम बरौहा निवासी अमित सिंह बघेल और ग्राम जतरी निवासी रिया सिंह चौहान का विवाह 25 फरवरी 2026 को ऐसे अनोखे अंदाज में संपन्न हुआ, जिसकी चर्चा अब दूर-दूर तक हो रही है। इस शादी की सबसे बड़ी खासियत रही कि दूल्हा अपनी बारात लेकर हेलीकॉप्टर से पहुंचा, जिसे देखने के लिए हजारों ग्रामीण उमड़ पड़े।
आसमान से उतरी बारात, थम गईं निगाहें
वही जैसे ही हेलीकॉप्टर ने ग्राम जतरी के पास उतरना शुरू किया, लोगों की नजरें आसमान पर टिक गईं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इस नज़ारे को देखने के लिए उत्साहित दिखा। इस गांव में ऐसा माहौल बन गया मानो कोई बड़ा उत्सव हो। हेलीकॉप्टर के उतरते ही तालियों और जयकारों की आवाज़ गूंज उठी। ग्रामीणों ने इसे अपने जीवन का एक यादगार पल बताया।
पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय
जहा यह अनोखी बारात सिर्फ ग्राम जतरी या बरौहा तक सीमित नहीं रही, बल्कि जवा तहसील सहित पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गई। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस अनोखी शादी के साक्षी बनने पहुंचे। कई लोगों ने मोबाइल में वीडियो और तस्वीरें कैद कीं, जो अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से साझा की जा रही हैं।
पेशे से उद्यमी हैं दूल्हा
मिली जानकारी के अनुसार, अमित सिंह बघेल पेशे से उद्यमी हैं और महाराष्ट्र के पुणे में एक कंपनी का संचालन करते हैं। उनके इस अनोखे विवाह आयोजन ने ग्रामीण परिवेश में आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। बारात का हेलीकॉप्टर से पहुंचना क्षेत्र के लिए बिल्कुल नया अनुभव रहा।
लाखों का खर्च, लखनऊ से बुकिंग
वही हेलीकॉप्टर की बुकिंग उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से कराई गई थी, जिस पर लाखों रुपये खर्च होने की बात कही जा रही है। यही नहीं, विदाई भी 26 फरवरी को हेलीकॉप्टर से ही संपन्न होने की जानकारी सामने आई है, जिसने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।

