महिला के सिर और मुंह पर वार कर हत्या, खेत की मेढ़ पर मिली लाश
नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र अंतर्गत राकई बसेड़ी गांव के पास स्थित एक खेत में मंगलवार रात अज्ञात हमलावर ने एक महिला की हत्या कर दी। महिला का शव गेहूं और गन्ने के खेत की मेढ़ पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान वंदना पति पुष्पेंद्र ठाकुर 25 वर्ष के रूप में हुई है।
महिला अपने पति के साथ राकई हार में रिजवान पटेल का खेत बटाई में लेकर काम करती थी। बताया गया है कि उसका पति पुष्पेंद्र मंगलवार को किसी कार्य से रातिकरार गया था। शाम के वक्त जब वह वापस घर आया तो उसे उसकी पत्नी नजर नहीं आई।उसने टार्च जलाकर आसपास देखा तो उसे खेत की मेढ़ पर अपनी पत्नी का रक्तरंजित शव नजर आया। जिसे देखकर उसके होश उड़ गए। घटना स्थल व शव की परिस्थितियों को देखकर ज्ञात हुआ कि वंदना के सिर और मुंह में वार करके उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
घटना की जानकारी मिलने पर करेली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में करेली थाना में अपराध क्रमांक 232/26 के तहत धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि महिला के सिर और मुंह पर वार किए जाने के निशान मिले हैं। हत्या किन कारणों से और किसने की है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।
भाई ने जताई शंका
मृतका के भाई सोनू ठाकुर ने बताया कि उनकी बहन मजदूरी का काम करती थी और उन्होंने एक व्यक्ति पर हत्या का शक भी जताया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को आवश्यक मार्गदर्शन व निर्देश दिए।

