जल गंगा संवर्धन अभियान को मिली रफ्तार,बरी नदी में बोरी बंधान कर जल संरक्षण की मिसाल, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर किया श्रमदान
एमपी के सीधी जिले के जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत भगवार में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक सराहनीय पहल देखने को मिली। भगवार स्थित मॉडल विद्यालय के पास बहने वाली बरी नदी में बोरी बंधान (रेत की बोरियों से अस्थायी बांध) का कार्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से संपन्न किया गया।
वही इस कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, तहसीलदार कुसमी नारायण सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विमल जायसवाल, ग्राम पंचायत भगवार की सरपंच चेतना सिंह, बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी सहित जनपद के कर्मचारी, एसएडीओ, इंजीनियर, शिक्षक और बड़ी संख्या में कोडार एवं भगवार के ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए नदी में बोरी बंधान कर जल संरक्षण का संदेश दिया।
वही इस पहल का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल को रोककर भूजल स्तर को बढ़ाना, आसपास के खेतों में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना और जल संकट से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर स्थायी समाधान तैयार करना है। बोरी बंधान से नदी के पानी का प्रवाह नियंत्रित होगा, जिससे जल का संचयन संभव हो सकेगा।
जहा इस अवसर पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि “जल ही जीवन का आधार है और इसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से हम न केवल पानी को संरक्षित कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित कर रहे हैं। ग्रामीणों की सहभागिता इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है। जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मिलकर कार्य करते हैं, तब ऐसे सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।”
इस कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और इस तरह के प्रयासों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।

