सिहावल में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित
मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर
सिहावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल में रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक विश्वामित्र पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन की जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई। जनरेटर हेतु डीजल एवं ऑयल की उपलब्धता, वाहन चालकों के मानदेय, सफाई कर्मियों के भुगतान, स्टाफ ड्यूटी रूम की व्यवस्था तथा प्रथम तल पर निर्मित भवन में विद्युत आपूर्ति सहित आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित सभी अस्पतालों में मरीजों को बिना किसी परेशानी के बेहतर एवं सुविधाजनक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, जन आरोग्य औषधि केंद्र के सुचारू संचालन तथा समग्र स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों के संचालन को व्यवस्थित रखने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके पश्चात विधायक ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सिहावल रोहित उपाध्याय, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिकेश शर्मा, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, परियोजना अधिकारी अनुसुइया बाजपेई, उपयंत्री सच्चितानंद तिवारी, सरपंच मुन्नी प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

