सीधी में बारात से लौट रही पिकअप बनी मौत का कारण, पलटने से 1 की मौत, 20–25 घायल, पहचान में जुटी पुलिस
सीधी जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने खुशियों से लौट रही बारात को मातम में बदल दिया। मड़वास थाना क्षेत्र के पास करीब 2:50 बजे बारात से लौट रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन मझौली क्षेत्र से बारात लेकर टिकरी की ओर लौट रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन अचानक पलट गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि उसमें सवार लोग इधर-उधर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज मड़वास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग प्रजापति समाज की बारात में शामिल होकर लौट रहे थे। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है और परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश जारी है।
मड़वास थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या सड़क की स्थिति के कारण हुआ।

