सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत लुरघुटी में पुलिस द्वारा आयोजित जन चौपाल ने ग्रामीणों को जागरूकता और संवाद का एक सशक्त मंच प्रदान किया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी और थाना प्रभारी अरुण द्विवेदी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में एएसआई डी. के. रावत ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जन चौपाल में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से की गई चर्चा —
साइबर अपराध:
एएसआई रावत ने बढ़ते साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि अनजान कॉल, लिंक और ओटीपी साझा करने से कैसे बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
सड़क सुरक्षा:
चौकी प्रभारी पोड़ी ने यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी को हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया।
महिला सुरक्षा:
चौकी प्रभारी ने महिलाओं से संबंधित कानूनों, अधिकारों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
इस जन चौपाल में पंचायत के सरपंच, सचिव, पंचगण सहित अभिषेक मिश्रा, उमेश द्विवेदी और सैकड़ों ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम ने न केवल समस्याओं के समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत किया।

