बारदाना के अभाव में गेहूं खरीदी हो रही प्रभावित किसान परेशान,तैयारी व्यवस्था पर उठ रहे सवाल?
संजय सिंह मझौली
एक तरफ जहां प्रदेश सरकार के द्वारा किसान हितैषी होने का दावा किया जा रहा है वहीं जिम्मेदार विभागों के द्वारा दो माह पहले से गेहूं खरीदी को लेकर तैयारी की जा रही थी लेकिन जब बारदाना के अभाव में गेहूं खरीदी प्रभावित होने लगे और किसान चिंतित और परेशान दिखे तब पूरे तंत्र पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।
कुछ इसी तरह का नजारा सीधी जिले के गेहूं उपार्जन केंद्र ताला में 9 मई शनिवार को दोपहर देखने को मिला जहां बारदाना न होने से गेहूं खरीदी का काम बंद रहा वहीं किसान अपनी फसल लाकर रखे हुए हैं लेकिन चिंता सता रही है कि अगर बारिश होगी तो उनका गेहूं नष्ट हो जाएगा और उसकी खरीदी भी नहीं होगी।
किसानों ने बताया कि कुछ किसान एक दिन पहले गेहूं लाकर रखे हैं जबकि 2 दर्जन से ज्यादा किसान आज गेहूं लाकर रखे हैं शाम तक में यह संख्या सैकड़ों में पहुंच जाएगी फिर वारदाना आएगा तो एक साथ भराई तौलाई में काफी परेशानी होगी।
10 हजार क्विंटल से ज्यादा की हो चुकी है खरीदी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 9 मई 2026 दोपहर तक में 10273 क्विंटल गेंहू की खरीदी की जा चुकी है जबकि 3618 क्विंटल का उठाव भी हो चुका है अगर पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध होते तो खरीदी का औसत इससे भी बेहतर होता।
इनका कहना
आज सुबह 8:00 बजे गेहूं लेकर खरीदी केंद्र में आ गया हूं लेकिन दोपहर हो गई बारदाना न होने से खरीदी बंद है मौसम को देखते हुए काफी चिंता सता रही है।
लाल बहादुर बैश किसान ताला
कल गेहूं लेकर आया हूं लेकिन वारदाना न मिलने से बिक्री नहीं हो पाई है आज भी बारदाना के इंतजार में हूं।
जितेंद्र सिंह बैश किसान ताला
पंजीयन के मुताबिक मेरे खरीदी की अंतिम तारीख 11 मई है कल रविवार हो जाएगा परसों अगर बारदाना नहीं मिलता है तो मेरा समय समाप्त हो जाएगा इसलिए ज्यादा चिंता में हूं।
संतोष सिंह किसान करमाई
एक तो देरी से खरीदी शुरू हुई और स्लॉट बुक करने में भी काफी दिक्कत आ रही है लेकिन अब बारदाना के चक्कर में परेशान हूं।
विकास सिंह बैश किसान ताला
विभाग की जिम्मेदारी है कि खरीदी शुरू होने के पहले पूरी तैयारी कर लेनी चाहिए। खरीदी केंद्र में गेहूं लाकर किसान फंस जाता है बारदाना न होने के कारण खरीदी बंद है।
अमरदीप सिंह बैश किसान ताला
जब मेरे पास 1800 बारदाने थे तभी विभाग को सूचित कर दिया था कि वारदाना चाहिए लेकिन 8 तारीख सुबह से वारदाना समाप्त है और 9 तारीख को दोपहर तक नहीं आ रहे हैं हम भी परेशान है किसान भी परेशान हैं लेकिन जब वारदाना आएगा तभी खरीदी होगी।
महेंद्र तिवारी उपार्जन केंद्र प्रभारी ताला
उपार्जन केंद्र ताला एवं मझौली के संबंध में हमें कल जानकारी मिली थी कि बारदाना नहीं हैं तब मेरे द्वारा विभाग को निर्देशित किया गया है और अभी फिर से बात करता हूं।
आर पी त्रिपाठी उपखंड अधिकारी मझौली

