चुरहट में यातायात चेकिंग पर उठे सवाल,युवकों ने लगाया शराब के नशे में चालानी कार्रवाई का आरोप
चुरहट थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा लगातार यातायात नियमों को लेकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब इसी अभियान पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि आखिर थाना प्रभारी चुरहट द्वारा ऐसे पुलिस बल की ड्यूटी क्यों लगाई जाती है, जिन पर ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने के आरोप लगते रहे हैं।
स्थानीय युवकों ने आरोप लगाया है कि चेकिंग के दौरान कुछ पुलिसकर्मी शराब के नशे में चालान काट रहे हैं और वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। मामले को लेकर युवाओं में नाराजगी देखी गई।
जानकारी के अनुसार कल रविवार को चुरहट में लगाए गए यातायात चेकिंग पॉइंट पर कई वाहन चालकों को रोका गया। इसी दौरान कुछ युवकों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी शराब के नशे में दिखाई दिए। युवकों ने विरोध करते हुए कहा कि पुलिस नियमों के तहत कार्रवाई करें, लेकिन नशे की हालत में चालान काटना और वाहन चालकों से दुर्व्यवहार करना गलत है।
नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर चुरहट के स्थानीय एक युवक ने बताया कि उनका हेलमेट न होने पर चालान काटा गया, लेकिन वाहन पूरी तरह रुकने से पहले ही पुलिस द्वारा डंडा चलाया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी शराब के नशे में थे, जिससे आम लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
युवकों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति अपने परिवार या महिलाओं के साथ यात्रा कर रहा हो तो ऐसी स्थिति गंभीर विवाद या अप्रिय घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया है, जिसमें चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों के व्यवहार को देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
इलाके के लोगों ने पुलिस अधीक्षक सीधी से ये अपील की है कि वो चुरहट थाना प्रभारी को स्पष्ट शब्दों में ये निर्देश दें कि शराब के नशे में टुन्न पुलिस वालों की ड्यूटी ऐसे कार्यों के लिए ना लगाई जाए जिसमें पब्लिक के साथ दुर्व्यवहार होने से पुलिस की छवि को धक्का लगे।

