सफलता निरंतर मेहनत, लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम : कलेक्टर
सीबीएसई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का कलेक्टर ने किया सम्मान
सीधी
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मान समारोह में कक्षा 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में श्री गणेश स्कूल सीधी की छात्रा अनिका गुप्ता, जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट के आयुष द्विवेदी एवं प्रगति गुप्ता तथा केंद्रीय विद्यालय सीधी के अथर्व सिंह सेंगर को सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले आदित्य बिड़ला स्कूल बघवार के समर्थ मिश्रा, केंद्रीय विद्यालय सीधी की सृष्टि सिंह तथा जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट की प्रियंका पटेल को भी प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के माता-पिता को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह निरंतर मेहनत, अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण और परिवार व शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि जिले के इन प्रतिभाशाली बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि समर्पण और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता के लिए सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें, चुनौतियों से घबराएं नहीं और अपने ज्ञान का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करें। उन्होंने अभिभावकों को भी बच्चों की सफलता के पीछे प्रेरणास्रोत बताते हुए उनकी भूमिका की सराहना की।

