युवा संगम बनेगा युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम: विधायक
बहरी में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन
सीधी
विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत बहरी में शनिवार को आयोजित ‘‘युवा संगम‘‘ रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर लेकर आया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि युवा संगम केवल एक रोजगार मेला नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि इस पहल का लाभ अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं तक पहुंचाया जाए, ताकि प्रत्येक योग्य युवा को रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। जिला रोजगार अधिकारी ने रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए युवाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि रोजगार मेले से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बहरी प्रवास के दौरान उन्होंने क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री अथवा अन्य उद्योग स्थापित करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं का परीक्षण कर उद्योग स्थापना के प्रयास का आश्वासन दिया गया है।
विधायक ने कहा कि सिहावल क्षेत्र में उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। यहां सोन नदी एवं बाणसागर नहर के रूप में पर्याप्त जल संसाधन, फोरलेन एवं टू-लेन सड़क संपर्क, लाइमस्टोन जैसे खनिज संसाधन तथा शीघ्र उपलब्ध होने वाली रेलवे कनेक्टिविटी जैसे सभी आवश्यक आधारभूत संसाधन मौजूद हैं। ऐसे में आने वाले समय में यहां उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।
युवा संगम में 11 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। मेले में कुल 296 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से 211 युवाओं का विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रारंभिक चयन किया गया। वहीं स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत 10 हितग्राहियों को लगभग 42 लाख रुपये की राशि के स्वीकृति पत्र एवं ऋण वितरित किए गए। इसके अलावा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने मेले का निरीक्षण कर विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पंजीकृत युवा को उसकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

