सीधी जिला प्रदेश में प्रथम देश में दूसरे स्थान पर
मध्यप्रदेश में प्रथम एवं देश में द्वितीय स्थान पर पहुंचा जिला, 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
अटल पेंशन योजना (APY) के विशेष नामांकन अभियान में सीधी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए वर्तमान में मध्यप्रदेश में प्रथम तथा पूरे देश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन के प्रभावी समन्वय, बैंकिंग संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी तथा मैदानी स्तर पर कार्यरत बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बैंक मित्रों (बीसी) के सतत प्रयासों का परिणाम है।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिले के सभी बैंक पात्र नागरिकों को अटल पेंशन योजना से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रहे हैं। ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों, शिविरों एवं बैंक शाखाओं के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी देकर उनका नामांकन कराया जा रहा है। विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, छोटे व्यवसायियों, किसानों तथा अन्य पात्र नागरिकों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अटल पेंशन योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके माध्यम से 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र नागरिक नियमित अंशदान कर 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर सुनिश्चित मासिक पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। यह योजना असंगठित क्षेत्र के नागरिकों के लिए वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उल्लेखनीय है कि अटल पेंशन योजना का विशेष नामांकन अभियान 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम बैंक, बैंक मित्र (बीसी) अथवा संबंधित बैंक शाखा में संपर्क कर समय रहते अटल पेंशन योजना में अपना नामांकन कराएं तथा अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएं।
जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि के लिए अभियान से जुड़े सभी बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों, बैंक मित्रों, संबंधित विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि सामूहिक प्रयासों से सीधी जिला अभियान की समाप्ति तक देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य भी हासिल करेगा।

