गुड़ुआधार में बदहाल हुयी ग्राम सड़क, पुल क्षतिग्रस्त, कीचड़ से आवागमन ठप, स्कूली बच्चे और ग्रामीण परेशान
कुसमी/सीधी। सीधी जिले के कुसमी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत गुड़ुआधार के ठाड़ीपाथर से बरगडई पहुंच मार्ग की हालत बद से बदतर हो गई है। ग्राम पंचायत के तहत बनी सड़क लगातार बारिश के बाद कीचड़ में तब्दील हो गई है, जबकि मार्ग पर स्थित पुल भी क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने से आवागमन बाधित है। सबसे अधिक परेशानी साकेत मोहल्ला के लोगों को उठानी पड़ रही है। स्थिति ऐसी है कि स्कूल बस गांव तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे बच्चों को स्कूल जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित पुल का पिछले वर्ष मरम्मतीकरण कराया गया था, लेकिन एक वर्ष भी नहीं बीता कि पुल फिर से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बारिश के मौसम में सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई ग्रामीणों को पैदल ही फिसलन भरे रास्ते से गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पुल की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा ग्राम सड़क को दुरुस्त कर आवागमन सुचारु बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।

