समीक्षा बैठक में गरजे जिला सीईओ, लापरवाह सचिवों-रोजगार सहायकों की लगा दी क्लास
सिंहावल, सीधी। जनपद पंचायत सिंहावल के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह सोलंकी सख्त तेवर में नजर आए।
उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कुछ ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को जमकर फटकार लगाई।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई, लापरवाही और उदासीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जनपद पंचायत के सीईओ रोहित उपाध्याय,कर्मचारी, उपयंत्री, पीसीओ, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिला सीईओ ने शासन के समस्त विकास कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
बैठक में जिन पंचायतों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली, वहां के सचिवों एवं रोजगार सहायकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
जिला सीईओ ने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से मैदानी स्तर पर पहुंचकर विकास कार्यों की निगरानी करें और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जवाबदेही, पारदर्शिता एवं समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।
न्यूज़ E7 लाइव
रिपोर्टर राजबहोर केवट
सिंहावल सीधी

