संवाददाता-: अनिल शर्मा
साफ-सफाई, प्रसव कक्ष की मरम्मत एवं मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजारी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
वहीं निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए प्रसव कक्ष में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रसूता महिलाओं से चर्चा कर भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। निर्धारित मीनू के अनुरूप भोजन नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी मरीजों को समय पर एवं निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
इसके उपरांत डॉ. खरे ने सेक्टर बंजारी में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की सेक्टर बैठक में भाग लेकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं की चार अनिवार्य एएनसी जांच समय पर कराने तथा संभावित प्रसव तिथि से सात दिवस पूर्व संस्थागत भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षित प्रसव एवं शासन की मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं का समुचित लाभ हितग्राहियों को मिल सके।
जहां निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. नागेन्द्र बिहारी दुबे भी उपस्थित रहे।


