संत रविदास जयंती पर सीधी में समरसता संकल्प अभियान और कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ

संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी कलश वंदन यात्रा – सीधी विधायक रीती पाठक

 

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में मानस भवन सीधी में जिला स्तरीय ‘समरसता संकल्प अभियान’ एवं ‘कलश वंदन यात्रा’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में संत रविदास महाराज की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी से स्थापित कलश का विधिवत पूजन किया गया। इसके पश्चात कलश वंदन यात्रा को रवाना किया गया। यात्रा मानस भवन से प्रारंभ होकर अस्पताल चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं आमजन शामिल हुए।

 

वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रीती पाठक ने संत रविदास महाराज के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, सद्भाव, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव एवं कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण करते हुए ऐसे समाज की परिकल्पना की, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अवसर प्राप्त हो।

 

विधायक ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन इस बात का प्रेरणादायी उदाहरण है कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, आचरण, विचार और साधना से होती है। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की मूल भावना सामाजिक समरसता और सर्वकल्याण की रही है तथा ऊंच-नीच और भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत कलश वंदन यात्रा आयोजित की जा रही है। जन्मभूमि से लाई गई पवित्र मिट्टी से स्थापित यह कलश गांव-गांव और बस्ती-बस्ती पहुंचेगा। यात्रा के माध्यम से आमजन को संत रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज में आपसी सद्भाव, समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता की भावना को और मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

 

विधायक ने संत रविदास जी की आध्यात्मिक ऊंचाई और व्यापक प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मीराबाई जैसी महान भक्त भी उनसे प्रभावित और दीक्षित थीं। संत रविदास जी का संदेश किसी वर्ग विशेष तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके विचारों ने समाज के व्यापक वर्ग को प्रभावित किया। उनका जीवन भक्ति, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों का प्रेरणास्रोत है।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन समाज में समानता, भाईचारे और मानवीय गरिमा की स्थापना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल एक विचार नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात कर हम समाज में भेदभाव और असमानता को दूर करने तथा सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में सार्थक प्रयास कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कलश वंदन यात्रा संत रविदास जी के संदेश को गांव-गांव और बस्ती-बस्ती पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

 

समाजसेवी देवकुमार सिंह चौहान ने कहा कि संत रविदास जी के जीवन और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

 

समाजसेवी राम अवतार रैदास एवं शिवदान साकेत ने संत रविदास जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए सभी से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में आदिवासी लोकनृत्य एवं ग्रुप डांस की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रावास अधीक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के वरिष्ठजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

जहां इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी, समाजसेवी लालचंद्र गुप्ता, जगदंबा सोनी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग पी.के. पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चंदूलाल पनिका, जिला समन्वयक मुकेश कुमार गौर, विकासखंड समन्वयक अनिल पाठक, डॉ. रामलाल शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment