वित्तीय अनियमितता के आरोप में अमगांव पंचायत सचिव राजेश गुप्ता निलंबित

वित्तीय अनियमितता के आरोप में अमगांव पंचायत सचिव राजेश गुप्ता निलंबित।

बिना चेक डैम निर्माण के ही आहरित कर लिए गए करीब 6 लाख रुपए

जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत अमगांव के सचिव राजेश कुमार गुप्ता को वित्तीय अनियमितता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी के प्रस्ताव के आधार पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है।

कार्यालय जिला पंचायत सीधी के आदेश क्रमांक 7003/2026 दिनांक 21 अगस्त 2026 के अनुसार ग्राम पंचायत अमगांव अंतर्गत पिपरहिया नाला में चेक डैम निर्माण कार्य का निरीक्षण 21 अगस्त 2026 को उपयंत्री के साथ किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थल पर चेक डैम का निर्माण कार्य नहीं पाया गया।

जानकारी के अनुसार चेक डैम निर्माण के लिए 6.01 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसके विरुद्ध सचिव एवं सरपंच द्वारा 15वें वित्त की राशि से 5 लाख 99 हजार 625 रुपए का आहरण किया जा चुका था। निर्माण कार्य स्थल पर नहीं पाए जाने के कारण मामले को वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला माना गया।

संबल योजना की शिकायतों की भी हुई जांच

बताया गया है कि ग्राम विड़ौरा निवासी उदय प्रताप सिंह एवं दादू लाल सिंह द्वारा सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर संबल योजना के तहत राशि लेने से संबंधित शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों की जांच सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी से कराई गई। जांच प्रतिवेदन में लगाए गए आरोपों से संबंधित तथ्य पाए जाने की बात सामने आई है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी के प्रस्ताव के आधार पर सचिव राजेश कुमार गुप्ता के कृत्य को वित्तीय अनियमितता का द्योतक एवं दंडनीय मानते हुए मध्य प्रदेश पंचायत सेवा (ग्राम पंचायत सचिव भर्ती एवं सेवा की शर्तें) नियम 2011 के नियम 7 के प्रावधानों के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।

ग्राम रोजगार सहायक को सौंपा गया अतिरिक्त प्रभार

ग्राम पंचायत में चल रहे निर्माण कार्यों एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए शिवम सिंह सोमवंशी, ग्राम रोजगार सहायक अमगांव को आगामी आदेश तक ग्राम पंचायत का अतिरिक्त वित्तीय एवं सचिवीय प्रभार सौंपा गया है।

जिला पंचायत की इस कार्रवाई के बाद अमगांव ग्राम पंचायत में हड़कंप की स्थिति है। मामले में आगे की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की संभावना बनी हुई है।

Leave a Comment