तकनीकी साक्ष्यों एवं सतत प्रयासों से चौकी खड्डी पुलिस को मिली सफलता, आरोपी अभिरक्षा में, प्रकरण में सुसंगत धाराओं का इजाफा
सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में चौकी खड्डी पुलिस द्वारा लगातार प्रयास करते हुए लगभग दो माह से लापता 16 वर्षीय बालिका को ग्राम नरई, थाना संग्रामगढ़, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) से सकुशल दस्तयाब किया गया।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण
फरियादी द्वारा दिनांक 25 जून 2026 को चौकी खड्डी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री दिनांक 22 जून 2026 को लगभग 10 बजे घर से शिव मंदिर चन्दरेह जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं आई। परिजनों द्वारा तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर बालिका की तलाश प्रारंभ की गई।
चौकी खड्डी पुलिस द्वारा बालिका की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए गए तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर पतासाजी की गई। पुलिस टीम के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप दिनांक 25 अगस्त 2026 को बालिका को ग्राम नरई, थाना संग्रामगढ़, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) से दस्तयाब कर लिया गया।
दस्तयाबी के उपरांत बालिका एवं फरियादी के कथन के आधार पर प्रकरण में प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं का इजाफा कर आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
बालिका की तलाश एवं दस्तयाबी में चौकी प्रभारी खड्डी एएसआई नीरज कुमार, एचसी 35 रामसुंदर, आर. 81 रविन्द्र सिंह, आर. 648 वेद प्रकाश तथा सायबर सेल से कृष्ण मुरारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।