शिक्षक भर्ती पर सरकार घिरी, पदवृद्धि की मांग ने पकड़ा जोरदार आंदोलन
भोपाल के नीलम पार्क में वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि, रिक्त पद जोड़ने और दूसरी काउंसलिंग की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है।
पांच दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस नेता पीसी शर्मा प्रदर्शन स्थल पहुंचे और अभ्यर्थियों से मुलाकात की।
दिग्विजय सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “सरकार नौकरी नहीं देना चाहती” और युवाओं को रोजगार के बजाय दूसरे मुद्दों में उलझाया जा रहा है। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांगों को जायज बताते हुए ऐलान किया कि शिक्षक दिवस तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे स्वयं 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
वहीं बुधवार से तीन अभ्यर्थियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर सरकार का ध्यान नहीं है। नरेंद्र राजपूत को भूख हड़ताल से हटाए जाने के बाद नाराजगी और बढ़ गई है।
अब सवाल सीधा है—क्या सरकार प्रदेश के बेरोजगार युवाओं की आवाज सुनेगी या शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग यूं ही आंदोलन की आग में सुलगती रहेगी?