रक्षाबंधन पर बहनों से शिवराज का भावुक संवाद, अब ‘लखपति दीदी’ से ‘मिलेनियम दीदी’ बनाने का संकल्प
नई दिल्ली। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि भवन में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक बहनों को स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ने का आह्वान किया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बहनों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो और वे अपनी मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास के बल पर समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचें, इसी संकल्प के साथ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ अभियान को और गति देने की बात कहते हुए लखपति दीदियों को अब ‘मिलेनियम दीदी’ बनाने का संकल्प जताया।
रक्षाबंधन के मौके पर शिवराज सिंह चौहान भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि बहनों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और बड़ी संख्या में बहनों से वर्चुअली जुड़कर संवाद करने का अवसर मिला। उन्होंने सभी बहनों को प्रणाम करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बहनों के सुखी जीवन, कीर्ति, प्रतिष्ठा और कल्याण की मंगलकामना करते हुए कहा कि महिलाओं की प्रगति ही परिवार और समाज की समृद्धि का मजबूत आधार है।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लाड़ली बहना योजना की शुरुआत की थी। महिला सशक्तिकरण को लेकर उनके इस प्रयास को प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा गया।