थाना प्रभारी से विवाद के बाद मड़वास मार्केट बंद, व्यापारियों में आक्रोश
गाड़ी खड़ी करने को लेकर किराना व्यवसायी से कथित गाली-गलौज का आरोप, व्यापारियों ने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
एमपी के सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में शनिवार को दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर किराना व्यवसायी और थाना प्रभारी के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मामले के बाद मड़वास के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मड़वास निवासी व्यवसायी मानिक लाल गुप्ता, पिता स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद गुप्ता, किराने की दुकान संचालित करते हैं। आरोप है कि दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर थाना प्रभारी अतर सिंह द्वारा व्यवसायी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए।
जहाँ इसी दौरान मड़वास व्यापारी संघ के अध्यक्ष कपिल गुप्ता और थाना प्रभारी के बीच भी बहस होने की बात सामने आई। विवाद बढ़ने के बाद व्यापारियों ने आक्रोश जताते हुए मड़वास का बाजार पूरी तरह बंद कर दिया।
अब व्यापारियों का कहना है कि थाना प्रभारी के व्यवहार को लेकर वे नाराज हैं और मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत रखने के लिए पहुंचे हैं। व्यापारियों ने मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
वही फिलहाल बाजार बंद होने से मड़वास में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।