गणेश उत्सव का उल्लास अब विसर्जन की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इस बार जुलूस में मनमानी नहीं चलेगी। खासकर डीजे को लेकर पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति डीजे नहीं बजेगा। गणेश आयोजन और विसर्जन की तैयारियों को लेकर थाना परिसर पाली में शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा से लेकर जुलूस के रास्ते तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन यात्रा तक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। जुलूस के मार्ग, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस ने विशेष रूप से डीजे और ध्वनि व्यवस्था को लेकर नियमों का पालन करने की बात कही। समितियों को स्पष्ट किया गया कि अनुमति और निर्धारित नियमों के बिना डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। प्रशासन ने अपील की कि धार्मिक उत्सव को उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन कानून व्यवस्था और दूसरे लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखें। विसर्जन के दौरान जलाशयों पर सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। ताकि किसी हादसे की स्थिति में तत्काल मदद मिल सके।
बैठक में थाना प्रभारी गोविंद धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक विनोद सिंह, एडवोकेट सुदामा विश्वकर्मा, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अशोक नायक, यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी, सानू उपाध्याय सहित समिति पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। समितियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।