कक्षा 1 एवं 2 के शिक्षकों का चार दिवसीय FLN रिफ्रेशर प्रशिक्षण संपन्न
120 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण, बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करने पर दिया जोर
कुसमी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कक्षा 1 एवं 2 पढ़ाने वाले शिक्षकों का चार दिवसीय FLN रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन 15 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक किया गया, जिसमें 120 शिक्षकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों के पढ़ने, लिखने, समझने तथा बुनियादी गणितीय अवधारणाओं के विकास के लिए प्रभावी शिक्षण विधियों की जानकारी दी गई। गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल एवं आनंदपूर्ण तरीके से सीखने, बच्चों के स्तर के अनुरूप शिक्षण तथा सीखने के आकलन से संबंधित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
विधायक एवं एसडीएम ने किया प्रशिक्षण का निरीक्षण
प्रशिक्षण अवधि के दौरान धौहनी विधायक कुँवर सिंह टेकाम एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सागर जैन ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने FLN की बारीकियों को समझते हुए शिक्षकों को इसे विद्यालयों में व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
शैक्षणिक गतिविधियों का कराया गया प्रदर्शन
प्रशिक्षकों द्वारा शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में FLN गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री एवं विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कराया गया। शिक्षकों ने प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करते हुए प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में बच्चों के साथ लागू करने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण का आयोजन राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।