बारिश के बीच कच्चे मकान पर गिरा आम का पेड़, घर क्षतिग्रस्त; बाल-बाल बचा परिवार
सीधी जिले के ग्राम पंचायत कुसमी, तहसील कुसमी निवासी विश्राम पनिका पिता भोलापनिका के कच्चे मकान पर बीती रात बारिश के दौरान अचानक आम का बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से मकान का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और परिवार के सामने बरसात के मौसम में रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
बताया यह भी जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी। इसी दौरान आम का विशाल पेड़ अचानक कच्चे मकान पर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घर में मौजूद परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, अन्यथा रात के समय यह हादसा बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकता था।
वही मकान क्षतिग्रस्त होने से विश्राम पनिका के परिवार को बरसात के इस मौसम में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से क्षति का जायजा लेकर उचित आर्थिक सहायता एवं राहत उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
अब परिवार का कहना है कि बारिश के बीच क्षतिग्रस्त मकान में रहना मुश्किल हो गया है। ऐसे में प्रशासन से जल्द मदद मिलने की उम्मीद है।