12 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चित्रकूट रवाना
हनुमानगढ़ -: ऋषिकेश फाउंडेशन के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य संरक्षण के अंतर्गत ‘न्यायाधीश ऋषि तिवारी की स्मृति में 44वें निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर’ का सफल आयोजन ऋषिकेश आश्रम, बड़ा बांध में किया गया। शिविर में कुल 51 मरीजों की आंखों की गहन जांच की गई एवं उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
जांच उपरांत मोतियाबिंद से पीड़ित 12 मरीजों का चयन किया गया, जिन्हें फाउंडेशन की ओर से उसी दिन निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चित्रकूट रवाना कर दिया गया। मरीजों के आवागमन, आवास एवं चिकित्सा की संपूर्ण व्यवस्थाएं फाउंडेशन द्वारा पूर्णतः निःशुल्क की गई हैं।
शिविर में पहुंचे सभी आगंतुकों एवं मरीजों के लिए जलपान, फल तथा बिस्किट की विशेष व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त, चित्रकूट रवाना होने वाले मोतियाबिंद के मरीजों को यात्रा के लिए फल, बिस्किट एवं स्वल्पाहार पैकेट भेंट किए गए।
ऋषिकेश फाउंडेशन क्षेत्र में दृष्टिहीनता निवारण और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए निरंतर संकल्पबद्ध है। शिविर को सुचारू रूप से संपन्न कराने में फाउंडेशन के सेवादारों का सराहनीय योगदान रहा.