बढ़ौरा, नीलकंठ-मौहार समेत शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
भोर से ही मंदिरों में पहुंचने लगे श्रद्धालु
दूध-दही और पंचामृत से किया जलाभिषेक; सुरक्षा के लिए तैनात रहा पुलिस बल
सीधी
श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जिलेभर के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। बढ़ौरा, चंदरेह, नीलकंठ-मौहार, देवघटा और गोपालदास मंदिर समेत जिले के प्रमुख शिवालयों में दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, पंचामृत और जल से अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बढ़ौरा मंदिर में सुबह से लगी कतारें
श्रावण सोमवार के चलते बढ़ौरा शिव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की कतारें लग गईं। लोगों ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर जलाभिषेक किया। मन्नत पूरी होने पर कई श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण भी किया। मंदिर परिसर के आसपास नारियल और चुनरी सहित पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं, जहां दिनभर खरीदारी होती रही।
सुरक्षा के लिए तैनात रहा पुलिस बल
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बढ़ौरा शिव मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी भीड़ को व्यवस्थित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे रहे, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना या चोरी की वारदात न हो। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
दूर-दूर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु
श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते सीधी जिले के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसिद्ध शिव मंदिरों में पहुंचे। कई श्रद्धालु बस, ऑटो और चार पहिया वाहनों से परिवार व समूह के साथ मंदिरों तक पहुंचे।
दूर के प्रसिद्ध मंदिरों तक नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालुओं ने अपने समीप स्थित शिवालयों में ही भगवान शिव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रसिद्ध शिव मंदिरों में भी सुबह से भक्तों की आवाजाही बनी रही।
महखोर में भी उमड़ी भीड़, लगा मेला
कुसमी अंचल के महखोर स्थित शिव मंदिर में भी श्रावण सोमवार को बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु पहुंचे। श्रावण मास के दौरान यहां मंदिर परिसर में मेले का आयोजन भी किया जाता है, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। जिले के अन्य ग्रामीण शिव मंदिरों में भी भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का दौर जारी है।
श्रावण मास के दूसरे सोमवार को जिलेभर में सुबह से शाम तक शिव भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।