क्या सीधी में अब 70 रुपए लीटर बिकेगा दूध, दाम बढ़ने की है आहट

क्या सीधी में अब 70 रुपए लीटर बिकेगा दूध, दाम बढ़ने की है आहट

महंगे पशु आहार, खली, चुनी और चारे का दिया हवाला

दूध विक्रेताओं ने की कलेक्टर से चर्चा 

सीधी

शहर में दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं की जेब पर अब अतिरिक्त भार पड़ सकता है। दूध विक्रेताओं ने दूध की कीमत बढ़ाकर 70 रुपए प्रति लीटर करने की तैयारी शुरू कर दी है। विक्रेताओं का दावा है कि उन्होंने कलेक्टर विकास मिश्रा के सामने बढ़ती लागत का मुद्दा रखा था, जिस पर कलेक्टर ने कहा कि खर्च पूरा नहीं हो रहा है तो वे अपने अनुसार दूध का रेट बढ़ा सकते हैं। कलेक्टर की इस सहमति के बाद दूध विक्रेताओं में उत्साह है और नए रेट को लेकर कवायद तेज हो गई है।

पशु आहार से लेकर भूसे तक बढ़ी लागत

दूध विक्रेताओं का कहना है कि पशुपालन की लागत लगातार बढ़ रही है। पशु आहार, खली, चुनी, भूसा और चारे के दाम बढ़ने से पशुओं के पालन-पोषण पर पहले की तुलना में काफी अधिक खर्च हो रहा है। ऐसे में मौजूदा कीमत पर दूध बेचना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है।

विक्रेताओं ने अपनी मांग और समस्याओं को लेकर कलेक्टर को सूचना पत्र भी सौंपा। इसमें बढ़ती लागत के बीच दूध के वर्तमान रेट में वृद्धि की जरूरत बताई गई।

दूध विक्रेताओं के अनुसार, कलेक्टर विकास मिश्रा ने चर्चा के दौरान कहा कि यदि पशु आहार और अन्य खर्च की लागत पूरी नहीं हो रही है तो दूध विक्रेता अपने अनुसार रेट बढ़ा सकते हैं। इसके बाद विक्रेताओं ने दूध की कीमत 60 से 70 रुपए प्रति लीटर निर्धारित करने की तैयारी शुरू कर दी है।

पहले सप्लाई रोकने की दी थी चेतावनी

दूध विक्रेताओं का कहना है कि लंबे समय से लागत बढ़ने के बावजूद दूध की कीमत में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। विक्रेताओं ने एकजुट होकर 60 से 70 रुपए प्रति लीटर का रेट रखने की मांग की है। उनका कहना है कि मांग नहीं मानी गई तो शहर में दूध की सप्लाई रोकने जैसा कदम भी उठाया जा सकता है।

विक्रेताओं में खुशी, उपभोक्ताओं की बढ़ी चिंता

कलेक्टर से चर्चा के बाद दूध विक्रेताओं में जहां राहत और उत्साह का माहौल है, वहीं आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। यदि 70 रुपए प्रति लीटर का नया रेट लागू होता है तो रोजाना दूध खरीदने वाले परिवारों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ेगा।

फिलहाल शहर में दूध के नए रेट को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब नजर इस बात पर है कि 70 रुपए प्रति लीटर की दर कब से लागू होती है और शहर के कितने दूध विक्रेता इस दर पर दूध की बिक्री शुरू करते हैं।

Leave a Comment