पटेल पुल पर तेज़ रफ्तार बोलेरो ने अपाची बाइक को मारी टक्कर, दो युवक घायल, वीडियो वायरल होते ही दर्ज हुई FIR, तोड़फोड़ और मारपीट का भी मामला
सीधी शहर के पटेल पुल पर गुरुवार शाम एक तेज़ रफ्तार बोलेरो वाहन द्वारा अपाची मोटरसाइकिल को टक्कर मार दिए जाने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। वही इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वही घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की है।
मिली जानकारी के अनुसार, अपाची मोटरसाइकिल पर विवेक विश्वकर्मा और धीरेंद्र जयसवाल सवार थे। शाम के समय पटेल पुल से गुजरते वक्त बोलेरो वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें हाथ-पैर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। जहा मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दूसरी तरफ बोलेरो वाहन चालक सत्यम सिंह, निवासी जिला सिंगरौली, ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि दुर्घटना के बाद तीन अज्ञात लोगों ने रास्ते में उसे रोक लिया और बोलेरो वाहन के शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि इस दौरान चालक के साथ मारपीट भी की गई। चालक का कहना है कि हादसे के बाद कुछ लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने यह कार्रवाई की।
वही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने कहा कि बोलेरो वाहन द्वारा बाइक को टक्कर मारने की पुष्टि हुई है, जिसमें बाइक सवार घायल हुए। इसके बाद घायल युवक के भाई और अन्य साथियों द्वारा आक्रोश में आकर बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है।
थाना प्रभारी के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्रकरण FIR दर्ज किए जा रहे हैं और वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटनाओं के बाद कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
