प्राचीन हनुमान मंदिर की पवित्र भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, Rewa कलेक्टर प्रतिभा पाल का सख्त संदेश – “शासकीय भूमि पर कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं”
Rewa जिले की रायपुर कर्चुलियान तहसील अंतर्गत ग्राम बक्षेरा सीता टोला में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। यह प्रकरण सामने आते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर रीवा प्रतिभा पाल ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि शासकीय भूमि एवं धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम बक्षेरा सीता टोला में स्थित आराजी क्रमांक 1499/1 मध्यप्रदेश शासन के स्वामित्व की भूमि है। इसी भूमि पर प्राचीन हनुमान मंदिर स्थित है, जो वर्षों से ग्रामीणों की धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। आरोप है कि गांव के ही इंद्रपाल तिवारी, उनकी पत्नी दमयंती तिवारी तथा पुत्र विवेक तिवारी द्वारा मंदिर से लगी शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान और बाउंड्रीवाल का निर्माण कर कब्जा किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध निर्माण से न केवल मंदिर की पवित्रता प्रभावित हो रही है, बल्कि भविष्य में मंदिर परिसर के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो सकता है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर कलेक्टर रीवा को लिखित शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद Rewa कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अवैध कब्जा प्रमाणित होता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ बेदखली की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। कलेक्टर ने दो टूक कहा है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा, चाहे मामला कितना ही प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ा क्यों न हो।
यह मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई की कसौटी बन चुका है। ग्रामीणों की नजरें प्रशासन पर टिकी हैं कि कब तक अवैध कब्जाधारियों पर बुलडोजर चलता है और कब मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त किया जाता है।

