अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बरचर में हुआ खंडस्तरीय कार्यक्रम, संत ने बताया योग का महत्व
कुसमी, सीधी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम बरचर में खंडस्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बरचर के संत ने उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया और योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है। नियमित योग करने से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त रहता है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, टमसार के सरपंच मकरंद सिंह, भाजपा महामंत्री राजकुमार तिवारी, जनपद पंचायत कुसमी के सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा, सचिव के.पी. सिंह, जीआरएस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। योग दिवस के आयोजन ने क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

