मझौली पुलिस की बड़ी सफलता
अन्य राज्यों व जिलों में दी दबिश,04 नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा
संजय सिंह मझौली
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट/कुसमी रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में थाना मझौली पुलिस को अपहृत बालक-बालिकाओं की खोजबीन में अंतरराज्यीय स्तर पर बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। मामले के संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई है जिसमें बताया गया है कि थाना प्रभारी मझौली उनि. विशाल शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और तत्परता के आधार पर अन्य राज्यों एवं जिलों से कुल 04 नाबालिगों को सकुशल बरामद किया है।
जिसमें पहला प्रकरण थाना मझौली में दर्ज अपहरण के एक संवेदनशील मामले में पुलिस टीम ने लंबी दूरी तय कर महाराष्ट्र में दबिश दी। यहाँ आरोपी द्वारा नाबालिग को शादी का झांसा देकर और बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब किया और परिजनों के सुपुर्द किया।
द्वितीय एवं तृतीय प्रकरण में एक ही आरोपी, रामपुर नैकिन से दस्तयाब
इन दो महत्वपूर्ण मामलों में चौकी प्रभारी पिपराँव उनि. शेषमणि मिश्रा एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।जाँच में पाया गया कि एक ही आरोपी ने दो अलग-अलग नाबालिगों को विभिन्न प्रलोभन और भविष्य के झूठे वादे कर अपने साथ ले गया था।पुलिस टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र से दोनों नाबालिगों को बरामद किया।
गुजरात के मोरबी से चतुर्थ नाबालिग की बरामदगी
एक पुराने प्रकरण में पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग को मोरबी (गुजरात) ले जाया गया है। पुलिस टीम ने तत्काल गुजरात रवाना होकर नाबालिग को शादी का झांसा देकर ले जाने वाले आरोपी के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया।
आरोपियों पर वैधानिक कार्यवाही
उक्त सभी प्रकरणों में थाना मझौली द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही की गई है। दस्तयाब किए गए सभी नाबालिगों को वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कराकर उन्हें उनके परिजनों को सकुशल सौंप दिया गया है। घटना में एक आरोपी नाबालिक होने से उसको सूचना पत्र तामील किया गया है शेष संलिप्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी चुनौतीपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी मझौली उनि. विशाल शर्मा,चौकी प्रभारी पिपराँव उनि. शेषमणि मिश्रा, उप निरीक्षक पी.एल. टांडिया,सउनि. संतोष साकेत, सउनि अरुण सिंह प्र0 आर0- विजय सिंह,अनूप पेंड्रो,आर0 जीतेन्द्र बघेल की सराहनीय एवं सक्रिय भूमिका रही।

