बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, कई दुकानों पर चलेगा बुलडोजर
सीधी चुरहट
चुरहट नगर परिषद द्वारा बाजार क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और लगातार लग रहे जाम को लेकर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर परिषद के सीएमओ रामअवतार पटेल पुलिस बल एवं नगर परिषद अमले के साथ गुरुवार सुबह बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंचे। कार्रवाई सुबह लगभग 5:30 बजे से शुरू हुई, जिसमें सड़क के दोनों ओर लगे ठेले, सब्जी विक्रेताओं, टैक्सी एवं बस संचालकों को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करने का प्रयास किया गया।
नगर परिषद के अनुसार चुरहट बाजार में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी। मुख्य सड़क पर ठेले, सब्जी दुकानें एवं अव्यवस्थित वाहन खड़े होने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिसके बाद प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया।
किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा अतिक्रमण: सीएमओ
सीएमओ रामअवतार पटेल ने कहा कि नगर परिषद द्वारा पूर्व में समाचार पत्रों, मुनादी एवं अनाउंसमेंट के माध्यम से सभी संबंधित लोगों को सूचना दी जा चुकी है। टैक्सी, बसों और सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद कई बस संचालक मुख्य बाजार में ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। जो लोग निर्धारित स्थानों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य चुरहट बाजार को जाम मुक्त बनाना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

