भदौरा के पोखरी टोला में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर बढ़ा विवाद, पट्टाधारियों को कब्जा दिलाने की मांग
अमित श्रीवास्तव कुसमी, सीधी।
तहसील कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत भदौरा के पोखरी टोला में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार मध्य प्रदेश शासन की भूमि, रकबा क्रमांक 945 पर दर्जन भर लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
राजबहोर यादव पंच से मिली जानकारी के अनुसार जियालाल जायसवाल, जयलाल जायसवाल, छोटेलाल जायसवाल, पारसनाथ जायसवाल, शिवलाल जायसवाल तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा उक्त भूमि पर कब्जा किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीय भूमि पर कब्जे को लेकर आए दिन आपसी विवाद और कहासुनी होती रहती है। हाल ही में भाई-भाई के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चर्चा का विषय बन गया।
ग्रामीणों ने बताया कि तहसीलदार न्यायालय कुसमी द्वारा 13 पात्र हितग्राहियों को उक्त भूमि का पट्टा प्रदान किया गया है, लेकिन अब तक उन्हें वास्तविक कब्जा नहीं मिल पाया है। आरोप है कि पट्टाधारी परिवार जब भूमि पर मकान निर्माण या कब्जा लेने का प्रयास करते हैं तो उनका विरोध किया जाता है और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
पट्टाधारियों का कहना है कि शासन द्वारा भूमि आवंटित किए जाने के बावजूद वे अपने अधिकार का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर पात्र हितग्राहियों को विधिवत कब्जा दिलाया जाए, ताकि वे अपने आवास का निर्माण कर सकें।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

