डॉ. शालिनी शुक्ला ने बीएएमएस में किया टॉप
उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने किया सम्मानित
चुरहट (सीधी)
सीधी जिले की चुरहट तहसील अंतर्गत ग्राम बड़ोखर की प्रतिभाशाली छात्रा डॉ. शालिनी शुक्ला ने बीएएमएस (BAMS) की डिग्री उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ पूर्ण कर अपने परिवार एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय रीवा से वर्ष 2019 बैच में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
डॉ. शालिनी शुक्ला, स्वर्गीय श्री अनुसुइया प्रसाद शुक्ला की पौत्री एवं समय जगत के ब्यूरो चीफ श्री अनुराग दीप शुक्ला तथा शिक्षिका श्रीमती पूनम शुक्ला की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने उन्हें मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. शालिनी शुक्ला बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा विंध्य एकेडमी, परसवार (चुरहट) से प्राप्त की। उनके छोटे भाई डॉ. संजीव शुक्ला भी प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं। अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर बड़े भाई शैलेंद्र पांडेय सहित परिवार के सदस्य नाना श्री रमेश पांडे, नानी श्रीमती दुर्गा पांडे, दादी प्रेमवती, मामा-मामी, मौसी, बुआ एवं फूफा तथा समस्त गुरुजनों और इष्ट मित्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. शालिनी शुक्ला ने कहा कि वे सदैव सेवा भाव से कार्य करेंगी और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।

