करीब 40 गांवों के लोगों को मिलेगी सुविधा, डेढ़ करोड़ की लागत से बने हाईटेक नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का हुआ लोकार्पण
एमपी के सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में गुरुवार को नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण धूमधाम से किया गया। दोपहर 2 बजे आयोजित कार्यक्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान एसडीएम कुसमी शैलेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार नारायण सिंह, जनपद अध्यक्ष श्यामबाती सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, ग्राम पंचायत भगवार सरपंच चेतना सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वही करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया यह नवीन भवन पूरी तरह हाईटेक सुविधाओं से लैस है। इस भवन के शुरू होने से क्षेत्र के लगभग 40 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब ग्रामीणों को राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधा और व्यवस्थित वातावरण मिल सकेगा। दूर-दराज से आने वाले लोगों को अब पुराने जर्जर भवन की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस भवन में आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए पृथक शौचालय की व्यवस्था की गई है, वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कक्ष तैयार किया गया है, जहां बैठकर वे आसानी से अपने कार्य करवा सकेंगे।
लोकार्पण के इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि अब अधिकारियों को वातानुकूलित और व्यवस्थित भवन उपलब्ध हो गया है, जिससे आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि भवन में सभी कमरों में पंखे और कूलर लगाने की व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को गर्मी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस भवन में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही आग से सुरक्षा के लिए अग्निशमन यंत्रों की भी व्यवस्था की गई है। पीने के स्वच्छ पानी हेतु आरओ सिस्टम लगाया गया है। अधिकारियों के लिए अतिरिक्त संचालन कक्ष भी बनाया गया है ताकि कार्यालयीन कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जहा गौरतलब है कि अब तक एसडीएम कोर्ट का संचालन पुराने तहसील भवन में किया जा रहा था, जिसकी स्थिति काफी जर्जर हो चुकी थी और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इसी को देखते हुए नए भवन की स्वीकृति दी गई थी। अब भवन तैयार होने के बाद गुरुवार से ही नवीन भवन में कोर्ट संचालन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

