“घड़ियाल के बच्चे संग खिलवाड़, मौत को दे रहे दावत!”
सोन घड़ियाल अभ्यारण के पास वायरल VIDEO ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल
सीधी जिले के सोन घड़ियाल अभ्यारण से एक बेहद चिंताजनक वीडियो सामने आया है, जिसने वन विभाग और अभ्यारण प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में 5 से 6 युवक सोन नदी में खुलेआम नहाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि इसी क्षेत्र में हाल ही में चंबल नदी से लाकर 80 कछुए और घड़ियाल छोड़े गए हैं। इसके अलावा पहले से यहां 38 घड़ियाल और 74 मगरमच्छ मौजूद बताए जा रहे हैं।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम अभ्यारण क्षेत्र और मुख्य मार्ग से महज करीब 300 मीटर दूर का बताया जा रहा है, जहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह लापरवाह नजर आ रही है। वायरल वीडियो में कुछ युवक घड़ियाल के बच्चे को पकड़कर उसके साथ खिलवाड़ करते दिखाई दे रहे हैं। कोई उसकी पूंछ पकड़ रहा है तो कोई मुंह पकड़कर वीडियो बना रहा है। वहीं कुछ लोग सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने और वायरल होने की होड़ में अपनी जान तक जोखिम में डालते दिखाई दे रहे हैं।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार घड़ियाल और मगरमच्छ जैसे जलजीवों को उकसाना न सिर्फ खतरनाक है बल्कि वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत अपराध भी माना जाता है। इसके बावजूद मौके पर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा युवकों को रोकने की कोशिश नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है।
यह वीडियो शुक्रवार रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
इस मामले में प्रमोद सिंह ने कहा कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ या कानून का उल्लंघन किया गया है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

